साधारण सभा में जैन चिकित्सालय के नए अध्यक्ष का होगा चुनाव, शिक्षक दिवस पर जैन समाज के शिक्षकों का सम्मान समारोह
अलवर। स्थानीय बलजी राठौड़ की गली स्थित जैन चिकित्सालय (डिस्पेंसरी) के अध्यक्ष पद के निर्वाचन को लेकर श्री अग्रवाल जैन समाज मय बड़तला पंचायत की साधारण सभा का आयोजन 3 सितंबर को किया जाएगा। वहीं शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को स्कीम नंबर 10 स्थित जैन भवन में सकल जैन समाज के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित होगा।
जैन चिकित्सालय का वार्षिक प्रतिवेदन होगा प्रस्तुत
श्री अग्रवाल जैन समाज मय बड़तला पंचायत की साधारण सभा 3 सितंबर को रात्रि 7:30 बजे श्री पद्मप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर, बलजी राठौड़ की गली के सभागार में आयोजित की जाएगी।
श्री दिगम्बर जैन अग्रवाल पंचायती मंदिर कमेटी के मंत्री कैलाश चंद जैन ने बताया कि साधारण सभा में जैन चिकित्सालय (डिस्पेंसरी) का वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही संस्था के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा भी सदस्यों के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभा का प्रमुख विषय जैन चिकित्सालय के नए अध्यक्ष का निर्वाचन रहेगा। साधारण सभा में संस्था के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न कराई जाएगी।
शिक्षक दिवस पर जैन शिक्षकों का सम्मान
इधर, शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को दोपहर 2 बजे से स्थानीय स्कीम नंबर 10 स्थित जैन भवन में सकल जैन समाज अलवर के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
सम्मान समारोह आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य उपसर्ग विजेता मुनि श्री 108 सौम्य सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आयोजित होगा।
अहिंसामृत वर्षायोग समिति अलवर के संयोजक अभिषेक जैन ने बताया कि समारोह में स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों से जुड़े राजकीय और निजी क्षेत्र के कार्यरत एवं सेवा निवृत्त जैन शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा और समाज सेवा से जुड़े लोगों का होगा सम्मान
आयोजकों के अनुसार शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम जैन समाज के शिक्षकों के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षक एवं गणमान्यजन शामिल होंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

