शिकायत के बावजूद नहीं सुलझा पानी संकट, जलदाय विभाग पर लापरवाही के आरोप
अलवर। गर्मी की शुरुआत के साथ ही अलवर शहर में पानी का संकट एक बार फिर गहराने लगा है। सोमवार को वार्ड नंबर 23 स्थित रथखाना मोहल्ले के लोग अपनी समस्या को लेकर मनु मार्ग स्थित जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को हालात से अवगत कराया।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि पिछले करीब 15 दिनों से उनके क्षेत्र में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद पड़ी है। मुख्य पाइपलाइन चोक होने के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार जलदाय विभाग को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। विभाग द्वारा पाइपलाइन ठीक करने के लिए गड्ढा तो खोदा गया, लेकिन लाइन को ठीक किए बिना ही काम अधूरा छोड़ दिया गया।
खोदा गया गड्ढा अब आमजन के लिए खतरा बन चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई लोग इस गड्ढे में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से गड्ढे को भरने या सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जब भी वे विभाग के पास जाते हैं, अधिकारी “आज-कल ठीक कर देंगे” कहकर उन्हें टाल देते हैं। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
पानी की किल्लत के चलते अब मोहल्ले के लोग निजी खर्च पर पानी के टैंकर मंगाकर अपना काम चला रहे हैं, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


