समीक्षा बैठक में अलवर कलेक्टर ने रैन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर 15 दिन का लक्ष्य तय किया
अलवर। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने कार्यों की फेजवार टाइमलाइन तय करते हुए गुणवत्ता और फील्ड मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन अंतर-विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके। जिन परियोजनाओं में भूमि आवंटन हो चुका है, उनमें तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया गया कि जिन कार्यों में टेंडर और वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया लंबित है, उन्हें जल्द पूरा कर कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही राज्य स्तर की घोषणाओं को भी जिले में लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए जिले के 3 हजार से अधिक सरकारी कार्यालयों में आगामी 15 दिनों के भीतर रैन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य विभागीय फंड, सीएसआर और जनसहभागिता से पूरा किया जाए।
जहां पहले से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बने हुए हैं, उनकी साफ-सफाई और मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। तकनीकी सहयोग के लिए जल संसाधन विभाग की सहायता लेने को कहा गया।
बैठक में एडीएम द्वितीय योगेश डागुर, यूआईटी उप सचिव जितेंद्र सिंह नरूका, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता रमेश चंद सैनी, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता भूरी सिंह, जेवीएनएल अधीक्षण अभियंता आर.एस. बंसल, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा, रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक परेश सक्सेना एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


