मनु मार्ग की लाइब्रेरी में आग लगने से मचा हड़कंप, घटना के समय विद्यार्थी नहीं होने से टला बड़ा हादसा; जांच के बाद कार्रवाई के संकेत
अलवर। शहर के मनु मार्ग स्थित एक लाइब्रेरी के बेसमेंट में बुधवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
बेसमेंट में संचालित हो रही थी लाइब्रेरी
बताया गया कि संबंधित लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित हो रही थी। आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आग को नियंत्रित किया।
हादसे के समय लाइब्रेरी में कोई बच्चा या विद्यार्थी मौजूद नहीं था। इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। आग की घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
निरीक्षण में नहीं मिले पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम
अग्निशमन अधिकारी अमित मीणा ने बताया कि मौके पर निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। उन्होंने बताया कि वहां अग्निशमन प्रणाली की व्यवस्था भी नहीं थी।
अधिकारी के अनुसार बेसमेंट में लाइब्रेरी का संचालन भी नियमों के विपरीत बताया गया है। पूरे मामले की जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने बेसमेंट में संचालित हो रही लाइब्रेरियों और अन्य शिक्षण गतिविधियों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ऐसी जगहों पर आग लगने की स्थिति में विद्यार्थियों के सुरक्षित बाहर निकलने के इंतजामों को लेकर गंभीरता से जांच की जरूरत सामने आई है।
दमकल विभाग की ओर से मामले की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि लाइब्रेरी संचालन में किन नियमों का उल्लंघन हुआ और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


