More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में भक्तामर मंदिर व आरोग्य धाम का भव्य लोकार्पण

    अलवर में भक्तामर मंदिर व आरोग्य धाम का भव्य लोकार्पण

    आर्यिका आर्षमति माताजी के सानिध्य में मंदिर परिसर में निकली पालकी यात्रा, श्रद्धालुओं में उत्साह

    अलवर जयपुर रोड स्थित ढाई पैड़ी के पास अहिंसा स्थल दिगम्बर जैन मंदिर में स्थापित श्री भक्तामर मंदिर एवं आरोग्य धाम का शुक्रवार को भगवान आदिनाथ के जयकारों के बीच भव्य लोकार्पण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। यह आयोजन समाधिस्थ दिगम्बर जैनाचार्य ज्ञानसागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका आर्षमति माताजी ससंघ के सानिध्य में संपन्न हुआ।

    अहिंसा स्थल के प्रबंधक बच्चू सिंह जैन और अनिल जैन राखीवाला परिवार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह श्रीजी के अभिषेक, शांतिधारा और नित्य नियम पूजन से हुई। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया। झण्डारोहण के बाद भक्तामर स्त्रोत के रचयिता मानतुंगाचार्य की प्रतिमा का अनावरण किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।

    इसके बाद बैण्ड-बाजों के साथ भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा अहिंसा स्थल से शुरू होकर आसपास के क्षेत्र में भ्रमण करती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा में महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं, वहीं पुरुष वर्ग शास्त्र एवं जैन ध्वज के साथ भगवान आदिनाथ के जयकारे लगाते हुए चल रहा था। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा।

    अपने मंगल प्रवचनों में आर्यिका आर्षमति माताजी ने कहा कि जैन धर्म में भक्तामर स्त्रोत का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए भक्तामर मंदिर व आरोग्य धाम की स्थापना की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और मानसिक शांति मिल सके।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के पूर्व नि:शक्तजन आयुक्त खिल्लीमल जैन ने मंदिर और आरोग्य धाम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। कार्यक्रम में कानपुर से प्रदीप जैन, तथा दिल्ली से अनंत विश्व आध्यात्मिक केंद्र के प्रतिनिधि सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

    बच्चू सिंह जैन ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 5 बजे से 7 बजे तक दर्शन की व्यवस्था नियमित रूप से रहेगी। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद 14 फरवरी को अहिंसा स्थल पर भक्तामर विधान का आयोजन भी रखा गया है।

    इस अवसर पर अलवर जैन समाज, विभिन्न जैन मंदिर समितियों, संस्थाओं के पदाधिकारियों और शहर सहित बाहर से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here