More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में रेलवे के 4 सरकारी क्वार्टरों के ताले टूटे, जेवरात-नकदी सहित...

    अलवर में रेलवे के 4 सरकारी क्वार्टरों के ताले टूटे, जेवरात-नकदी सहित सामान चोरी

    कोतवाली थाना क्षेत्र में एक साथ चार रेलवे क्वार्टर बने चोरों का निशाना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

    अलवर। कोतवाली थाना क्षेत्र में रेलवे के सरकारी क्वार्टरों में अज्ञात चोरों ने एक साथ चार क्वार्टरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर अलग-अलग क्वार्टरों से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात 28 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे से शाम 5:35 बजे के बीच हुई। चोरों ने रेलवे कॉलोनी में स्थित चार सरकारी क्वार्टरों को निशाना बनाया।

    क्वार्टर नंबर 107-सी से जेवरात और नकदी चोरी

    रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-I (विद्युत) के पद पर कार्यरत कविता मीना के क्वार्टर नंबर 107-सी का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। यहां से चांदी का कमरबंद, दो जोड़ी चांदी की पायजेब, सोने के टॉप्स, अंगूठी, करीब 5 से 7 हजार रुपये नकद और आईफोन का चार्जर चोरी कर लिया गया।

    दूसरे क्वार्टर से 20 हजार की नकदी और आभूषण पार

    वहीं क्वार्टर नंबर 108-बी में रहने वाली सुमन मीना के क्वार्टर से चोर चांदी की कमर की कनगती, एक जोड़ी चांदी की पायजेब, सोने का लॉकेट, सोने के सुई-धागे, सोने की चेन, चांदी का हार और झुमकी चोरी कर ले गए। इसके अलावा गुल्लक में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद भी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

    काजू-बादाम और अंजीर भी ले गए चोर

    क्वार्टर नंबर 108-डी में रहने वाले रेलवे कर्मचारी गोपाल सिंह के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। रिपोर्ट के अनुसार यहां से करीब 2 किलो अंजीर, 2 किलो बादाम और 1 किलो काजू चोरी होने की बात सामने आई है।

    इसके अलावा क्वार्टर नंबर 107-डी में रहने वाले महेश चंद मीना के क्वार्टर से चांदी के दो सिक्के और 10-10 रुपये के नोटों की एक गड्डी चोरी कर ली गई।

    टूटे ताले और बिखरा मिला सामान

    चोरी का पता उस समय चला जब कर्मचारी अपने-अपने क्वार्टरों पर पहुंचे। वहां क्वार्टरों के ताले और कुंडियां टूटी हुई मिलीं तथा अंदर सामान बिखरा पड़ा था। एक साथ चार सरकारी क्वार्टरों में चोरी की वारदात सामने आने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

    घटना को लेकर सुमन मीना ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here