More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में विकसित भारत–जी राम जी योजना एवं विकास कार्यों की समीक्षा

    अलवर में विकसित भारत–जी राम जी योजना एवं विकास कार्यों की समीक्षा

    जिला प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कलक्ट्रेट सभागार में विकसित भारत–जी राम जी योजना, बजट घोषणाओं की समीक्षा की

    मिशनसच न्यूज, अलवर। जिला प्रभारी मंत्री तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकसित भारत–जी राम जी योजना सहित केंद्र व राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं जिले में संचालित विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री डॉ. मीणा ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत कलक्ट्रेट परिसर में लगाई गई सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा राजीविका समूह की दीदियों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का निरीक्षण कर उनके हस्तशिल्प उत्पादों की जानकारी ली।

    विकसित भारत–जी राम जी योजना से ग्रामीण रोजगार को मिलेगा नया संबल

    बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी योजना के माध्यम से केंद्र सरकार ने रोजगार गारंटी को 100 दिवस से बढ़ाकर 125 दिवस किया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब ग्राम सभा द्वारा विकसित ग्राम पंचायत का विकास प्लान तैयार किया जाएगा तथा तकनीक के माध्यम से योजना का सशक्त क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। साथ ही मजदूरी का समय पर भुगतान प्राथमिकता पर रहेगा।

    उन्होंने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि योजना के प्रमुख बिंदुओं का गांव-गांव तक व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

    सड़क तंत्र सुदृढ़ीकरण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा

    प्रभारी मंत्री ने जिले में सड़क तंत्र के सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि स्वीकृत सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ हैं, अतः इन कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

    विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति एवं कृषि कनेक्शन में तेजी के निर्देश

    बैठक में विद्युत विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने आरडीएसएस योजना के कार्य समय पर पूर्ण करने तथा किसानों के हित में कृषि कनेक्शन प्राथमिकता से जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत चोरी पर प्रभावी लगाम लगाई जाए।

    जल जीवन मिशन और पेयजल योजनाओं पर विशेष फोकस

    जलदाय विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. मीणा ने जल जीवन मिशन के तहत जिले के नॉन फिजेबल गांवों में पेयजल आपूर्ति की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अवैध नल कनेक्शन पर कार्रवाई तथा बकाया बिलों की वसूली के निर्देश भी दिए। जल संसाधन विभाग से संशोधित ईआरसीपी योजना की प्रगति का फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

    नगर विकास, अतिक्रमण हटाने और कर व्यवस्था पर निर्देश

    नगर विकास न्यास एवं नगर निगम के आधारभूत संरचनागत कार्यों और बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यास भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति में प्रभावी कार्रवाई करने तथा पट्टों और यूडी टैक्स के संबंध में फीडबैक लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

    पंच गौरव, कृषि और प्याज भंडारण यूनिट पर जोर

    प्रभारी मंत्री ने जिले के पंच गौरव को बढ़ावा देने के लिए स्वीकृत बजट की वस्तुस्थिति का फीडबैक लेकर अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिले में प्याज की अधिक पैदावार को देखते हुए कृषक हित में प्याज स्टोरेज एवं प्रसंस्करण यूनिट स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कृषि विभाग को उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

    जिला कलक्टर ने दिए निर्देशों की पालना का भरोसा दिलाया

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले में सरकार की योजनाओं एवं बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति से प्रभारी मंत्री को अवगत कराते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों की विभागीय समन्वय से अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाएगी।

    सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी और राजीविका स्टॉल्स का निरीक्षण

    बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत कलक्ट्रेट परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा माह के तहत अधिकाधिक गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।

    इसके साथ ही उन्होंने राजीविका समूह की दीदियों द्वारा लगाए गए हस्तशिल्प उत्पादों की स्टॉल्स का निरीक्षण कर उनके उत्पादों की सराहना की तथा महिला स्वावलंबन की दिशा में इसे सराहनीय पहल बताया।अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

    इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अलवर सुधीर चौधरी, पुलिस अधीक्षक खैरथल-तिजारा मनीष कुमार, एडीएम प्रथम मुकेश कायथवाल, एडीएम शहर श्रीमती बीना महावर, खैरथल-तिजारा एडीएम  शिवपाल जाट, यूआईटी सचिव श्रीमती धाइगुडे स्नेहल नाना, जिला परिषद सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र, डीएफओ राजेन्द्र हुड्डा, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता भूरी सिंह, जलदाय अधीक्षण अभियंता रमेश चंद सैनी, कृषि संयुक्त निदेशक  पी.सी. मीणा, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा सहित अनेक विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

    अलवर में हुई यह समीक्षा बैठक जिले में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत विकास को गति देने और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here