नेक कमाई फाउंडेशन की पहल, बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक खिचड़ी, दलिया और फल मिलेंगे
अलवर। खुदनपुरी स्थित आदर्श विमंदित और मूक-बधिर विद्यालय में विशेष बच्चों के लिए ‘मुस्कान आहार सेवा’ शनिवार से शुरू कर दी गई। इस सेवा के तहत विद्यालय में अध्ययनरत विमंदित और मूक-बधिर बालकों को प्रतिदिन पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा।
नेक कमाई फाउंडेशन की ओर से शुरू की गई इस पहल के तहत बच्चों को रोजाना पौष्टिक खिचड़ी, दलिया और फल वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र के ऐसे बच्चों को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा, जो शारीरिक या मानसिक रूप से कमजोर हैं।
मुस्कान आहार सेवा की शुरुआत नेक कमाई के संरक्षक दौलत राम हजरती तथा रोशनी चैरिटी संस्था की पदाधिकारी रजनी खंडेलवाल, रजनी अग्रवाल और मुकता शर्मा ने की। इस अवसर पर समाजसेविका संगीता सिंह और अर्चना आमेरिया भी मौजूद रहीं।
विद्यालय की संचालिका पायल जांगिड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की जानकारी दी। वहीं युवा समाजसेवी मानवेन्द्र सिंह ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे विशेष बच्चों को पोषण और सहयोग मिलेगा।
नेक कमाई फाउंडेशन के मुख्य कोऑर्डिनेटर अभिषेक तनेजा ने बताया कि इस सेवा के तहत बच्चों को प्रतिदिन खिचड़ी और फल उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम प्रभारी और यूथ आइकॉन तारेश जोरवाल ने लोगों से अपील की कि इस सेवा का विस्तार जल्द किया जाएगा और समाज के लोग अपने जन्मदिन या अन्य विशेष अवसर इन बच्चों के साथ मनाकर उनकी खुशियों में भागीदारी करें।
नेक कमाई फाउंडेशन के संरक्षक दौलत राम हजरती ने कहा कि इस सेवा का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो। उन्होंने बताया कि अलवर शहर में विमंदित और मूक-बधिर बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का यह एक प्रयास है। इसके साथ ही जनसहयोग से इन बच्चों की स्कूल फीस भी वहन की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन बच्चों को विशेष प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा शिक्षा दी जाती है, जिससे उनकी प्रतिभा को विकसित किया जा सके।
रोशनी चैरिटी संस्था की रजनी खंडेलवाल ने कहा कि सच्ची मानव सेवा यही है कि समाज के कमजोर और विशेष बच्चों की देखभाल की जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्था की ओर से जल्द ही स्कूल में आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में अर्चना आमेरिया ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस सेवा से डॉ. के.एम.पी. सिंह भी जुड़े हुए हैं, जिन्होंने ऐसे बच्चों की शिक्षा में सहयोग देने की बात कही। इस अवसर पर रोशनी चैरिटी संस्था की पदाधिकारियों का रेखा कर्दम और पायल जांगिड़ ने स्वागत किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


