प्रताप ऑडिटोरियम में 22 दृश्यों के जरिए जीवंत होगी खाटू वाले श्याम बाबा की कथा
अलवर। श्री परशुराम कला मंदिर समिति द्वारा 9 मई को शाम 6 बजे प्रताप ऑडिटोरियम में खाटू वाले श्याम बाबा की लीलाओं का भव्य एवं जीवंत मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम में 8 वर्ष से 65 वर्ष तक के लगभग 60 कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
संस्था के संयोजक अशोक आहूजा ने बताया कि खाटू श्याम बाबा की लीला की पटकथा करीब 10 वर्ष पूर्व संस्था के संस्थापक रामावतार पंडित द्वारा लिखी गई थी। यह लीला पहले भी दो बार अलवर में मंचित की जा चुकी है, जिसमें हजारों श्याम भक्तों ने भाग लिया था। करीब 7 वर्ष बाद तीसरी बार इस लीला का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रताप ऑडिटोरियम के विशाल मंच पर यह कार्यक्रम निशुल्क आयोजित होगा। कलाकारों के अलावा करीब 30 अन्य सदस्य भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।
एक माह से चल रहा पूर्वाभ्यास
समिति के अनुसार कलाकार पिछले एक माह से नियमित पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। पारसी शैली में प्रस्तुत की जाने वाली इस लीला में विशेष पोशाक, अस्त्र-शस्त्र और मंच प्रभाव का समावेश किया गया है।
लीला में लगभग 22 दृश्यों के माध्यम से बाबा के जीवन चरित्र को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन खाटू नगरी के दृश्य, शीश दान और आरती के साथ होगा।
ये कलाकार निभाएंगे प्रमुख भूमिकाएं
नाटक का मंच निर्देशन विद्याभूषण कर रहे हैं, जबकि संस्था के महामंत्री पुरुषोत्तम मिश्रा सूत्रधार की भूमिका निभाएंगे।
बर्बरीक अथवा खाटू श्याम की मुख्य भूमिका में पियूष ग्रोवर नजर आएंगे। वहीं अन्य कलाकारों में रेनू मिश्रा, महेश मुद्गल, निशा ज्योति, आरुष पंडित, मानेन्द्र उपाध्याय, तीरथ शर्मा, पंडित हरि शर्मा, अर्चना पंडित और साहिल बारेठ सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

