पीएम सूर्यघर योजना शिविर में निरीक्षण, कलेक्टर ने पंजीकरण बढ़ाने पर दिया जोर
अलवर। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत लगाए जा रहे विशेष शिविरों की प्रगति को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने हसन खां मेवात नगर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शिविर में पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्टाल्स का अवलोकन करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की पूरी जानकारी मौके पर ही उपलब्ध कराई जाए और उनका पंजीकरण सरल तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
आमजन से किया संवाद
कलेक्टर ने शिविर में मौजूद लोगों से संवाद कर योजना के फायदे बताए। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 1 किलोवाट सोलर सिस्टम पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा 1.1 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर सिस्टम पर 17 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं योजना का लाभ लें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
शिविरों में बड़ी संख्या में पंजीकरण
अलवर शहर में आयोजित शिविरों के दौरान कुल 2390 परिवारों ने पंजीकरण कराया, जबकि 89 आवेदकों ने मौके पर ही वेंडर का चयन किया।
आगामी शिविरों का कार्यक्रम
जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियन्ता आर.एस. बंसल ने बताया कि 15 अप्रैल को स्कीम नं. 8 में प्रताप ऑडिटोरियम के सामने, वैशाली नगर में जीएसएस के पास, विज्ञान नगर में टैल्को जीएसएस के पास एवं बुधविहार में स्टैण्ड के पास, 22 अप्रैल को स्कीम नं. 5 में गर्वनमेंट प्रेस के पास, अम्बेडकर नगर में सामुदायिक भवन, सूर्य नगर व अरावली विहार में सामुदायिक भवन के पास एवं शिवाजी पार्क में हॉस्पिटल के पास, 29 अप्रैल को स्कीम नं. 7 में शॉपिंग कॉम्पलेक्स पर एवं स्कीम नं. 2/3 में गर्वनमेंट स्कूल के पास विशेष शिविरों का आयोजन होगा।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, प्रशिक्षु आईएएस ऐश्वर्यम प्रजापति सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


