23 साल बाद आयोजित बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 24 जिलों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
अलवर। इंदिरा गांधी स्टेडियम में 23 साल बाद राज्य स्तरीय सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में राजस्थान के 24 जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें 15 वर्ष से कम उम्र के बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का समापन 24 मई को होगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अलवर और राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में करीब 300 खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए हैं।
स्टेडियम में दो अलग-अलग रिंग में मुकाबले कराए जा रहे हैं, जहां खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन और खेल भावना ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। लंबे समय बाद अलवर में आयोजित हो रही इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में भी खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और देश के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि अलवर के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन और खेल विभाग भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


