स्व. सावित्री देवी की पुण्य स्मृति में आयोजन, हृदय, फेफड़े, स्त्री रोग सहित कई बीमारियों की होगी नि:शुल्क जांच
अलवर। शहर की स्कीम नंबर-3 स्थित बसंत विहार कॉलोनी में आगामी 19 जुलाई को एक नि:शुल्क चिकित्सा एवं जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न गंभीर बीमारियों की समय रहते जांच एवं परामर्श प्रदान करना है।
शिविर का आयोजन स्वर्गीय सावित्री देवी की पुण्य स्मृति में किया जा रहा है। यह शिविर 19 जुलाई (रविवार) को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्कीम नंबर-3, बसंत विहार कॉलोनी स्थित प्लॉट नंबर-115 पर आयोजित होगा।
शिविर के पुण्यार्जक जयंती प्रसाद जैन ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, फेफड़ों के रोग, नसों से संबंधित समस्याओं, प्रसूति एवं स्त्री रोग, बांझपन, मधुमेह (शुगर), रक्तचाप (बीपी), होल्टर जांच, बीटीसीटी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण पूरी तरह नि:शुल्क किए जाएंगे। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में स्वर्ण पदक विजेता हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेश जैन तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रीति अग्रवाल सहित अनुभवी चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देगी। इससे क्षेत्र के लोगों को बिना किसी शुल्क के विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।
आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है। साथ ही उन्होंने आग्रह किया है कि जो मरीज पहले से किसी बीमारी का उपचार करा रहे हैं, वे अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट एवं चिकित्सकीय दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि चिकित्सकों को उपचार संबंधी सही परामर्श देने में सुविधा हो सके।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से कई गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे समय पर उपचार संभव हो पाता है। ऐसे नि:शुल्क चिकित्सा शिविर समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए विशेष रूप से लाभदायक साबित होते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

