FOSTAC प्रशिक्षण में व्यापारियों को स्वच्छता, FSSAI नियम और RUCO के दुष्प्रभावों की जानकारी
अलवर। शहर के बस स्टैंड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खाद्य व्यापारियों एवं फूड हैंडलर्स के लिए FOSTAC (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खाद्य कारोबारियों और फूड हैंडलर्स ने भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधियों द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों, स्वच्छता मानकों और सुरक्षित खाद्य तैयारी के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण में मिठाई एवं नमकीन विक्रेता, होटल-रेस्टोरेंट संचालक, डेयरी संचालक, किराना व्यापारी, फल-सब्जी विक्रेता, चाय विक्रेता, स्ट्रीट फूड बनाने वाले, अन्नपूर्णा रसोई के कर्मचारी, मिड-डे मील कुक तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित विभिन्न संस्थानों के फूड हैंडलर्स शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से तैयार करने, FSSAI के नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा बार-बार उपयोग किए गए तेल (RUCO) से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही खाद्य व्यापारियों के फूड लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी मौके पर ही करवाई गई।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


