More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर शहर में बैंड-बाजों और भव्य जुलूस के साथ निकली घटयात्रा

    अलवर शहर में बैंड-बाजों और भव्य जुलूस के साथ निकली घटयात्रा


    – अलवर में णमोकार महामंत्र के महाजाप्य अनुष्ठान की हुई शुभ शुरुआत

    मिशनसच न्यूज, अलवर। अलवर शहर आज जैन धर्म की भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। णमोकार महामंत्र के महाजाप्य अनुष्ठान के शुभारंभ अवसर पर सोमवार को यहां भव्य घटयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में दिगम्बर जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। यह घटयात्रा शिवाजी पार्क स्थित श्री संभवनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई स्कीम नं.10 स्थित जैन भवन पहुंची।

    घटयात्रा में महिलाओं ने लिया भाग।
    घटयात्रा में महिलाओं ने लिया भाग।

    बैंड-बाजों और धार्मिक भजनों की गूंज के बीच निकले इस जुलूस में महिलाओं ने केसरिया साड़ियां पहन सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई, वहीं पुरुष श्वेत वस्त्र और सफेद टोपी में श्रद्धा भाव से चलते नजर आए। यात्रा में श्रद्धालुओं के साथ दिगम्बर जैन संत उपाध्याय श्री विज्ञानानंद महाराज, मुनि श्री पुण्यानंद महाराज और मुनि श्री धैर्यानंद महाराज भी सम्मिलित हुए, जिनके सान्निध्य से पूरा वातावरण धार्मिक उत्साह से भर उठा।

    जैन भवन पहुंचने पर धर्मावलंबियों ने उपाध्याय श्री का पादप्रक्षालन कर भावभीनी अगवानी की। इस दौरान क्षेत्र “जय जय जिनेन्द्र” के जयकारों से गूंज उठा। इसके उपरांत ध्वजारोहण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें सुरेन्द्र जैन (सीकरीवाले) ने मंत्रोच्चारण के साथ ध्वज फहराया।

    मौके पर अपने मंगल प्रवचनों में उपाध्याय विज्ञानानंद महाराज ने कहा कि “णमोकार महामंत्र जीवन का मूल आधार है। हमें प्रतिदिन की शुरुआत इसी महामंत्र के उच्चारण से करनी चाहिए, क्योंकि यह आत्मशुद्धि और आत्मजागरण का मार्ग प्रशस्त करता है।” उन्होंने कहा कि “धर्म में झांकने का सबसे सरल मार्ग ध्यान और जप है, और णमोकार महामंत्र के माध्यम से व्यक्ति आत्मकल्याण की दिशा में अग्रसर होता है।”

    वर्षायोग समिति के संयोजक पवन जैन चौधरी ने बताया कि घटयात्रा के साथ ही अलवर के एक दर्जन से अधिक दिगम्बर जैन मंदिरों में णमोकार महामंत्र के महाजाप्य अनुष्ठान की शुरुआत हो गई है। यह अनुष्ठान 8 नवम्बर तक चलेगा। 9 नवम्बर को विधान, हवन एवं पिच्छी परिवर्तन के साथ इसका समापन होगा।

    अष्टान्हिका पर्व आज से, सिद्वचक्र महामण्डल विधान का आयोजन
    -पहले दिन निकलेगी घटयात्रा
    कार्तिक माह के अष्टान्हिका पर्व में 29 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक अलवर के मन्नी का बड़ स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर मंदिर में सिद्वचक्र महामण्डल विधान का आयोजन किया गया है। इस विधान के पुण्यार्जक प्रदीप कुमार जैन-श्रीमति रेखा जैन धामपुर वाले परिवार हैं।
    कार्यक्रम संयोजक नरेश जैन बड़तलिया ने बताया कि इस विधान का आयोजन अलवर में चातुर्मास पर विराजमान उपाध्याय विज्ञानन्द महाराज ससंघ के सानिध्य में किया जा रहा है जिसमें पहले दिन 29 अक्टूबर को सुबह 7.45 बजे स्थानीय बजाजा बाजार स्थित बड़तला जैन मंदिर से घटयात्रा निकाली जायेगी जो शहर के प्रमुख बाजारों से होती हुई विधान स्थल आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचेगी। इसके पश्चात ध्वजारोहण का कार्यक्रम होगा तथा शास्त्र भेंट, चित्रावरण, दीप प्रज्जवल्लन आदि के बाद विधान शुरू होगा। विधान कार्यक्रम के दूसरे दिन 30 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक प्रतिदिन सुबह 7.30 बजे से विधान का कार्यक्रम चलेगा तथा इस दौरान विज्ञानन्द महाराज के प्रवचन भी होंगे। इससे पूर्व सुबह 6.30 बजे से प्रतिदिन श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा व नित्य नियम पूजन के कार्यक्रम होंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here