More
    Homeराजस्थानजयपुरअसहमति और आंदोलन ही लोकतंत्र की ताकत हैं, भाजपा इन्हें अराजकता बताकर...

    असहमति और आंदोलन ही लोकतंत्र की ताकत हैं, भाजपा इन्हें अराजकता बताकर अपनी सोच उजागर कर रही: जूली

    कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई से सीखा है अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना, सत्ता के दबाव में झुकना नहीं

    जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आजादी की लड़ाई के संघर्षों से तपकर निकली है। यह वह पार्टी है जिसने महात्मा गांधी के नेतृत्व में सत्याग्रह और अहिंसा के रास्ते पर चलकर अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। जिस सत्याग्रह ने देश को आजादी दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, आज उसी विचारधारा से प्रेरित होकर कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है। भाजपा को समझना चाहिए कि अन्याय के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध करना अराजकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की ताकत है।

    जूली ने कहा कि भाजपा के नेता विपक्ष के आंदोलन को अराजकता बताकर असल मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहते हैं। जब जनता के मन में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूची में हुई अनियमितताओं को लेकर सवाल हैं, तब उन सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष को बदनाम करना कहां का लोकतंत्र है? कांग्रेस ‘वोट चोरी’ के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जवाबदेही मांग रही है। यह किसी व्यवस्था को अस्थिर करने का प्रयास नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को जवाबदेह बनाने की मांग है। सत्ता पक्ष को आलोचना से घबराने के बजाय सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष को रिजीम चेंज और रेजिस्टेंस जैसे शब्दों का अर्थ समझने की जरूरत है। लोकतंत्र में सरकारें बदलती हैं और सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछे जाते हैं। यही लोकतांत्रिक व्यवस्था का स्वाभाविक हिस्सा है।

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस आज भी महात्मा गांधी की उसी विचारधारा पर चल रही है, जिसने सत्याग्रह को अन्याय के खिलाफ संघर्ष का माध्यम बनाया। हम अपने INDIA यानी देश की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और संविधान की मूल भावना को बचाने की मांग सत्याग्रह के रास्ते से कर रहे हैं। भाजपा को हर असहमति में साजिश और हर आंदोलन में अराजकता दिखाई देती है, क्योंकि वह सवालों का सामना करने के बजाय सवाल उठाने वालों को कटघरे में खड़ा करना चाहती है।

    जूली ने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रहित का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि लोकतंत्र में असहमति के लिए जगह नहीं होगी तो जनता अपनी बात कहां रखेगी?

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here