राजीव गांधी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की पिटाई, छेड़छाड़ का वायरल वीडियो के बाद आरोपी हटाया गया
अलवर। अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में देर रात एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ में कार्यरत एक कर्मचारी ने शराब के नशे में महिला के साथ अभद्रता की, जिसके बाद परिजन और वार्ड में मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने आरोपी कर्मचारी की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिला के परिजनों ने आरोपी कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों ने भी आरोपी के खिलाफ नाराजगी जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन तुरंत हरकत में आया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि वीडियो और शिकायत सामने आने के बाद संबंधित एजेंसी को तत्काल सूचना दी गई। आरोपी कर्मचारी की पहचान नरेंद्र फौजदार के रूप में हुई है। एजेंसी द्वारा उसे तत्काल प्रभाव से हटाते हुए स्पष्ट कर दिया गया है कि भविष्य में उसे अस्पताल में दोबारा नियुक्त नहीं किया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि अस्पताल की गरिमा, मरीजों की सुरक्षा और महिला सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आरोपी को कोतवाली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त कदम उठाने की बात कही है। प्रशासन का कहना है कि अस्पताल परिसर में निगरानी और सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

