ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर से चला रहे थे कारोबार
अलवर। शहर में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं और अपने ही घर से सट्टेबाजी का पूरा नेटवर्क चला रहे थे। आईपीएल 2026 के दौरान चल रही इस अवैध गतिविधि का खुलासा पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी के दौरान किया।
यह कार्रवाई अखेपुरा थाना पुलिस ने प्रशिक्षु आईपीएस कार्तिकेय वर्मा के नेतृत्व में की। जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश दी, जहां से 3 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, एक एलईडी टीवी और वाई-फाई बॉक्स सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से घर बैठे ही ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी आईपीएल 2026 के मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे। विशेष रूप से 4 अप्रैल को दिल्ली बनाम मुंबई के मैच में करीब 3 लाख रुपये का सट्टा लगने की पुष्टि हुई है।
आरोपी 6 ओवर, 10 ओवर, 15 ओवर और 20 ओवर के अलग-अलग चरणों में दांव लगवाते थे, जिससे सट्टे का नेटवर्क काफी संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सक्षम कालरा (27) और अंश कालरा (23) पुत्र महेश कालरा, निवासी चितावान की गली, थाना अखेपुरा, अलवर को गिरफ्तार किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


