बाथरूम के फर्श के नीचे मिला 45 दिन से लापता पति का शव, पत्नी गिरफ्तार
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेनुका धाम कॉलोनी में 45 दिन से लापता एक व्यक्ति का शव उसके ही घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफन मिला। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 45 दिनों से लापता थे। उनकी पत्नी रूबी शर्मा ने ही थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उस पर संदेह हुआ।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमीषा ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आया कि रूबी शर्मा ने कथित रूप से अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया। इसके बाद शव को छिपाने के लिए ऊपर से कंक्रीट डालकर नई टाइल्स लगवा दीं, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
पुलिस ने संदेह के आधार पर बाथरूम की खुदाई कराई, जहां से सुरेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे हत्या के पीछे के कारणों को लेकर पूछताछ कर रही है।
पड़ोसी गौरव दीक्षित ने बताया कि सुरेंद्र शर्मा मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और पिछले करीब नौ वर्षों से अपने परिवार के साथ रेनुका धाम कॉलोनी में रह रहे थे। उनके अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सुरेंद्र के लापता होने के बाद जब भी मोहल्ले के लोगों ने रूबी शर्मा से उनके बारे में पूछा, वह हर बार टालमटोल करती रही।
पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में इसे सुनियोजित हत्या का मामला माना जा रहा है।

