पत्थर उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने हेतु निवेश, नवाचार और श्रमिक सुरक्षा पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
मिशनसच न्यूज, जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान के पत्थरों की विशिष्टता की विश्व पटल पर अनूठी पहचान है। देशभर के अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों, किलों और महलों में राजस्थान का पत्थर उपयोग में लाया गया है। अब राजस्थान का पत्थर उद्योग नई ऊंचाइयां छूने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा राज्य सरकार इस उद्योग को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी उद्यमियों से मिलकर प्रदेश के पत्थर उद्योग को देश में सिरमौर बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री गुरुवार को जयपुर के जेईसीसी में आयोजित इंडिया स्टोन मार्ट के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सीडॉस, रीको और लघु उद्योग भारती को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट प्रदर्शनी नए राजस्थान के संकल्प का प्रतीक है और यह भारतीय प्राकृतिक पत्थर उद्योग की शक्ति व सामर्थ्य को प्रदर्शित करने का वैश्विक मंच बन चुका है। इस बार प्रदर्शनी की वेबसाइट 26 से अधिक अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में तैयार की गई है तथा डिजिटल मोबाइल एप्लीकेशन के साथ विशाल क्षेत्र में आयोजन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों ने उद्योगों को नई दिशा दी है। भारतीय ग्रेनाइट, संगमरमर और सैंडस्टोन की विश्वभर में मांग है और भारत अब केवल निर्यातक ही नहीं, बल्कि मूल्य संवर्धन और नवाचार का केंद्र भी बन रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम, औद्योगिक बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, लॉजिस्टिक्स सुधार और प्रक्रियाओं के सरलीकरण के माध्यम से निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार किया है। राइजिंग राजस्थान इनवेस्टमेंट समिट के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के कार्य शुरू हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान में 85 प्रकार के खनिज उपलब्ध हैं। मकराना का संगमरमर, किशनगढ़ का मार्बल और राजसमंद, जालौर, उदयपुर, डूंगरपुर व बांसवाड़ा के पत्थर विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रमिकों को आधुनिक सुरक्षा उपकरण, कौशल प्रशिक्षण, बेहतर कार्य वातावरण और उचित मजदूरी सुनिश्चित की जा रही है।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार की नई नीतियों और नवाचारों से उद्यमियों को बड़ी राहत मिल रही है और इंडिया स्टोनमार्ट प्रदेश के पत्थर उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्टोन क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए श्रीराम मेगा स्ट्रक्चर के निदेशक अनिल चौधरी एवं एवर शाइन मार्बल्स के प्रबंध निदेशक मुकेश चंद्र अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया तथा प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन कर स्टॉल्स का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, लघु उद्योग भारती, रीको व सीडॉस के अधिकारी, उद्योगपति, वास्तुकार और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


