More
    Homeराजस्थानअलवरईशरोदा सीएचसी व पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, बेहतर सुविधाएं देने के...

    ईशरोदा सीएचसी व पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश

     बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश

    खैरथल-तिजारा।
    जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने रविवार को ईशरोदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से संवाद कर चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

    कलेक्टर ने मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली सेवाओं, डॉक्टरों के व्यवहार और दवाओं की उपलब्धता के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों के वार्डों का दौरा कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यप्रणाली की जांच की। अस्पताल स्टाफ से कार्य प्रणाली की जानकारी लेते हुए उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

    कलेक्टर किशोर कुमार ने चिकित्सा कर्मियों से कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ विनम्र व संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भर्ती मरीजों को प्रावधान के अनुसार सभी चिकित्सकीय सुविधाएं मिले और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं का समुचित लाभ मरीजों तक पहुंचे।

    इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत ईशरोदा में स्थित पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पशुओं के लिए चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से नियमित टीकाकरण, दवाइयों की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौजूद चिकित्सा कर्मियों को पशुपालकों को समय पर सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए और रजिस्टरों की जांच कर सुधार के लिए सुझाव दिए।

    निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर ने ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखना संभव है, इसलिए इसे जन-आंदोलन का रूप देना जरूरी है।

    इस अवसर पर उपखंड अधिकारी संजीव कुमार वर्मा, पशुपालन विभाग के अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कलेक्टर को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में चिकित्सा और पशुपालन सेवाएं बेहतर ढंग से पहुंचाई जा रही हैं और आवश्यकता अनुसार सुधार भी किए जाएंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here