हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण, जिला कलक्टर ने संरक्षण का दिया संदेश
अलवर। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत गुरुवार को मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र (एमआईए) स्थित ऑक्सीजन पार्क में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रीको, मत्स्य उद्योग संघ, दैनिक भास्कर और मेट्सो के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान करीब तीन हजार पौधे लगाए गए।

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों से पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी बेहद आवश्यक है। इससे न केवल जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी उपलब्ध कराया जा सकेगा।
रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक परेश सक्सेना ने बताया कि ऑक्सीजन पार्क में पिछले वर्ष लगभग 13 हजार 500 पौधे लगाए गए थे। इस वर्ष भी करीब तीन हजार पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र को हरित और स्वच्छ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में रीको के क्षेत्रीय प्रबंधक परेश सक्सेना, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक हरीश मित्तल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सचिन धाकड़, मत्स्य उद्योग संघ के मनोज गुप्ता, दैनिक भास्कर के जिला संपादक बाबूलाल शर्मा, मेट्सो के हरीश कुमार तथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


