मुख्यमंत्री से संवाद में पिंकी सैनी रखेंगी अपने विचार, विकसित भारत के विजन में निभाएंगी भूमिका
अलवर। विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए माय भारत पोर्टल एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में कठूमर क्षेत्र के सिटाहेड़ा गांव की प्रतिभाशाली युवती पिंकी सैनी को विशेष अवसर प्राप्त हुआ है। वे 13 अप्रैल को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल संवाद करेंगी, वहीं जयपुर में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से सीधे संवाद कर अपने विचार साझा करेंगी।
माय भारत केंद्र द्वारा फरवरी माह में आयोजित ‘बजट क्वेस्ट क्विज’ कार्यक्रम के अंतर्गत यह उपलब्धि हासिल हुई है। प्रतियोगिता के क्विज राउंड और निबंध राउंड के बाद देशभर से चयनित 40 युवाओं में पिंकी सैनी को भी स्थान मिला है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संसदीय प्रक्रियाओं, बजट प्रावधानों और शासन प्रणाली से अवगत कराना है।
माय भारत केंद्र के उपनिदेशक पंकज यादव ने बताया कि जिले से कुल 4732 प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया था। प्रारंभिक चरणों के बाद चयनित प्रतिभागियों को अंतिम राउंड के लिए चुना गया, जिसमें पिंकी सैनी का चयन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से चयनित युवा प्रधानमंत्री से वर्चुअल संवाद करेंगे, जबकि जयपुर में मुख्यमंत्री के साथ आमने-सामने बातचीत का अवसर मिलेगा। इस दौरान युवा अपने सुझाव और विचार साझा कर सकेंगे।
चार प्रमुख विषयों पर होगा संवाद
संवाद सत्र के दौरान युवाओं को चार महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा का अवसर मिलेगा। इनमें विकसित खेती के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और किसानों की आय बढ़ाना, प्रदेश के बजट में युवाओं, शिक्षा और रोजगार के लिए किए गए प्रावधान, विकसित राजस्थान @ 2047 के विजन में युवाओं की भूमिका तथा डिजिटल गवर्नेंस के जरिए सरकारी सेवाओं को सरल और सुलभ बनाना शामिल हैं।
माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सरोकारों, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और नीतिगत चर्चाओं में भाग लेने के लिए लगातार अवसर मिल रहे हैं। ‘बजट क्वेस्ट’ प्रतियोगिता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो युवाओं को प्रदेश की वित्तीय रूपरेखा और विकास के रोडमैप को समझने का अवसर प्रदान करती है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


