खेत पर साइकिल चला रहा था बालक, संतुलन बिगड़ने से खुले कुएं में गिरा; डेढ़ घंटे चले रेस्क्यू के बाद निकाला गया शव
कठूमर। उपखंड क्षेत्र के धौलागढ़ थाना अंतर्गत नांगल रूपा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय बालक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार नांगल रूपा निवासी हेमंत प्रजापत (11) पुत्र पतीराम रविवार दोपहर करीब 2 बजे अपने परिजनों के साथ खेत पर गया था। परिवार के सदस्य खेत में बुवाई कार्य में व्यस्त थे, जबकि हेमंत खेत में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान साइकिल चलाते हुए वह खेत में बने खुले कुएं के पास पहुंच गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से साइकिल सहित कुएं में जा गिरा।
बालक के कुएं में गिरते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया गया कि करीब 25 फीट गहरे कुएं में 8 से 10 फीट तक पानी भरा हुआ था।
हेमंत को बचाने के लिए परिवार के तीन-चार सदस्य अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरे। ग्रामीणों ने भी रस्सियों और अन्य संसाधनों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रयासों के बाद बालक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने रस्सियों की सहायता से शव को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर बहतूकला थानाधिकारी रामजीलाल मीना पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पोस्टमार्टम करवाने को लेकर समझाइश की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मासूम हेमंत की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी और घटना को बेहद दुखद बताया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से खेतों में बने खुले कुओं को ढकने अथवा उनके चारों ओर सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाएं तो भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सकता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


