More
    Homeराजस्थानअलवरकठूमर के रामगढ़ जंगल में पीपल पर चढ़ा पैंथर, 3 किसान घायल;...

    कठूमर के रामगढ़ जंगल में पीपल पर चढ़ा पैंथर, 3 किसान घायल; 12 घंटे बाद रेस्क्यू सफल

    रामगढ़ जंगल क्षेत्र में मचा हड़कंप, गनशॉट से ट्रेंकुलाइज कर सरिस्का टीम ने पकड़ा पैंथर

    कठूमर। धौलागढ़-रामगढ़ जंगल क्षेत्र में शनिवार सुबह एक पैंथर के हमले से इलाके में दहशत फैल गई। राबड़ी वाली बगीची के पास सुबह करीब 6 बजे पैंथर ने तीन किसानों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमला करने के बाद पैंथर पास ही स्थित एक पीपल के पेड़ पर चढ़ गया, जहां वह करीब 12 घंटे तक डटा रहा। वन विभाग और सरिस्का की विशेष रेस्क्यू टीम ने लंबी मशक्कत के बाद शाम को उसे ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया।

    रामगढ़ जंगल पैंथर रेस्क्यू
    रामगढ़ जंगल पैंथर रेस्क्यू

    जानकारी के अनुसार पैंथर के हमले में जयराम यादव, चतर यादव और बबली यादव घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कठूमर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार हेतु अलवर रेफर कर दिया गया।

    घटना की सूचना मिलते ही धौलागढ़ पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पैंथर करीब 30 से 40 फीट ऊंचे पीपल के पेड़ पर बैठा रहा। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई तथा सरिस्का से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने पेड़ के नीचे जाल, रस्सियां और पिंजरा लगाकर रेस्क्यू की तैयारी की।

    करीब 12 घंटे तक चले अभियान के बाद शाम लगभग 6 बजे वन विभाग की टीम ने गनशॉट के माध्यम से पैंथर को ट्रेंकुलाइज किया। बेहोश होने के बाद पैंथर जाल में गिर गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित कब्जे में लेकर सरिस्का भेज दिया गया। पूरे अभियान के दौरान वन विभाग की टीम सतर्कता के साथ जुटी रही।

    रेस्क्यू अभियान के दौरान नंदू चौधरी, वनपाल पुष्पेंद्र चौधरी, वन रक्षक शिवचरण गुर्जर, सद्दाम, वलराम और राजेश शर्मा सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में काफी भीड़ एकत्र हो गई।

    प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा वन्यजीवों की गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग से ही ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here