कठूमर के 88 गांव और 105 ढाणियों के लिए मीठे पानी की मांग, विधायक रमेश खींची ने ईसरदा डेम और चंबल परियोजना से जोड़ने का उठाया मुद्दा
कठूमर। क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे भीषण पेयजल संकट का मुद्दा विधानसभा में जोर-शोर से उठाया गया। कठूमर विधायक रमेश खींची ने विधानसभा में क्षेत्र के 88 गांवों और 105 ढाणियों में मीठे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए ईसरदा डेम और चंबल नहर परियोजना से जोड़ने की मांग की।
विधायक ने सदन में कहा कि कठूमर क्षेत्र के लोग वर्षों से खारा पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार दशकों से क्षेत्र के लोग मीठे पानी की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक न तो क्षेत्र में मीठा पानी पहुंच पाया है और न ही इसके लिए ठोस प्रक्रिया शुरू हो सकी है।
उन्होंने कहा कि कठूमर सहित आसपास के 88 गांव और 105 ढाणियां गंभीर जल संकट से जूझ रही हैं। विडंबना यह है कि कठूमर क्षेत्र के गांवों से महज दो किलोमीटर दूर नगर क्षेत्र में चंबल का मीठा पानी उपलब्ध है, लेकिन यह पानी कठूमर तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसी तरह ईसरदा डेम परियोजना का प्रथम चरण भी कठूमर क्षेत्र के गांवों से करीब पांच किलोमीटर दूर दौसा जिले के महवा क्षेत्र तक ही सीमित है।
विधायक रमेश खींची ने मांग रखी कि ईसरदा डेम परियोजना के प्रथम फेज में कठूमर क्षेत्र के खौखर, खेड़ा कल्याणपुर, रामपुरापाटन, रोनीजाथान, जहाडू, नांगल रूपा, जटवाड़ा, अडौली, खोह, नाहर खोहरा, बसेठ, नाटौज, कालवाड़ी, सालवाड़ी, सौखरी, मंगोलाकी, सौखर, खेरली रेल, कुट्टीन साबदास, समूची, दांतिया, बहरामपुर, डोरोली, नगरपालिका खेरली, गारू और दारोदा पंचायतों को शामिल किया जाए, ताकि इन क्षेत्रों को भी मीठा पानी मिल सके।
चंबल नहर परियोजना से जोड़ने की भी मांग
विधायक ने सदन में यह भी मांग उठाई कि कठूमर क्षेत्र के तसई, मैथना, टीकरी, सौंख, रेटा, मसारी, मथुराहेडा, बेरका, ईसरोता, टिटपुरी, बडौदाकान, जाडला, नूरपुर, बहतुकला, टोडा, खैड़ामैदा, भनोखर, अरूवा, नगरपालिका कठूमर, जावली, खुडियाना, मौलिया, इटेडा और बड़का गांवों को चंबल नहर परियोजना से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि यदि इन गांवों को चंबल परियोजना से जोड़ा जाता है तो क्षेत्र के हजारों लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सकेगी। विधायक ने सरकार से मांग की कि कठूमर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए और ग्रामीणों को मीठे पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


