विधिक चेतना शिविर में निशुल्क कानूनी सहायता के साथ सरकारी योजनाओं की भी दी गई जानकारी
कठूमर। आदर्श विधिक सेवा केंद्र कठूमर की ओर से नगर पालिका सभागार में त्रैमासिक मेगा विधिक चेतना एवं लोक कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आमजन ने भाग लेकर कानूनी अधिकारों, निशुल्क विधिक सहायता तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव रूचि शर्मा ने बताया कि यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अनंत भंडारी तथा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश मोहनलाल सोनी के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य आमजन को कानून संबंधी जागरूकता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में विद्युत विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, आयुर्वेद विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर पालिका सहित ब्लॉक स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों से मौके पर ही आवेदन भी प्राप्त किए।
महिला अधिकार, घरेलू हिंसा और उपभोक्ता संरक्षण पर दी जानकारी
सचिव रूचि शर्मा ने उपस्थित लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं, निशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, स्थायी लोक अदालत, घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिला अधिकार, उपभोक्ता संरक्षण सहित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर निशुल्क विधिक सहायता का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
पैरालीगल वालंटियर्स ने की सहयोगात्मक भूमिका
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित तालुका विधिक सेवा समिति के पैरालीगल वालंटियर योगेश चौहान, वीरेंद्र कुमार, दीपक कुमार और अनुजा शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में आए लोगों को आवेदन पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा विभिन्न योजनाओं की प्रक्रिया समझाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


