जयपुर में कीमतों को लेकर नेता प्रतिपक्ष का बयान, महंगाई को बताया जनता पर बोझ
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में हुई करीब 195 रुपये की वृद्धि ने छोटे ढाबा संचालकों, थड़ी और ठेले वालों की आजीविका पर गंभीर असर डाला है।
टीकाराम जूली ने कहा कि साल के शुरुआती तीन महीनों में ही कई बार कीमतें बढ़ाई जा चुकी हैं और चौथे महीने की शुरुआत में ही पांचवीं बार वृद्धि कर सरकार ने आमजन पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने इस बढ़ोतरी को “महंगाई का बम” बताते हुए कहा कि इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग की थाली पर पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कमर्शियल गैस की कीमतों में वृद्धि केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर सीधा असर डालने वाला कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से ढाबा संचालक, छोटे होटल व्यवसायी और ठेले वाले गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, खासकर राजस्थान जैसे पर्यटन प्रधान राज्य में इसका असर और अधिक पड़ेगा।
उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना है कि केंद्र द्वारा एक्साइज ड्यूटी में कमी किए जाने के बावजूद उसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाया है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के पूर्व बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर राहत दिखाई नहीं दे रही है।
टीकाराम जूली ने सरकार से मांग की है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों को तुरंत कम किया जाए या कम से कम पूर्व की दरों को बहाल किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार को जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने के बजाय राहत देने पर ध्यान देना चाहिए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


