लापरवाही के बीच करंट का कहर: अलवर में युवक झुलसा, जांच की मांग तेज
अलवर। जिले के बड़ौदा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 में काम के दौरान एक युवक करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तुरंत उपचार के लिए अलवर के जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, युवक बड़ौदा स्थित JSS में कार्य कर रहा था, तभी अचानक करंट लगने की घटना हो गई। पीड़ित युवक की पहचान रवि शर्मा (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
युवक के पिता बबलू शर्मा ने बताया कि उनका बेटा ठेकेदार के माध्यम से JSS में काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक एक फेस में बिजली आ गई, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया और वह करीब 15 प्रतिशत तक झुलस गया।
परिजनों ने इस घटना के पीछे ठेकेदार और बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। अगर पहले से सावधानी बरती जाती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
हादसे के बाद रवि को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया।
फिलहाल युवक का जयपुर में इलाज जारी है और परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजन प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


