भाजपा ने 14 तो कांग्रेस ने 10 वार्डों में उतारे प्रत्याशी, 61 निर्दलीयों ने बढ़ाई चुनावी सरगर्मी
कोटकासिम। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर कोटकासिम में चुनावी तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। 20 वार्डों वाली नगर निकाय में कुल 85 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा ने 14 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने 10 वार्डों में पार्टी सिंबल देकर उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। सबसे खास बात यह है कि 61 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मुकाबले में ताल ठोक रहे हैं। बड़ी संख्या में निर्दलीयों के मैदान में उतरने से कई वार्डों में मुकाबला रोचक और बहुकोणीय होने के आसार हैं।
शुक्रवार को प्रत्याशियों की अंतिम सूची के साथ चुनाव चिन्ह जारी होने के बाद अब उम्मीदवारों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। प्रत्याशी घर-घर संपर्क के साथ समर्थकों और कार्यकर्ताओं की बैठकें कर मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने में जुट गए हैं।
टिकट वितरण के बाद नुकसान से बचने की कोशिश
भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों ने टिकट वितरण में अपने-अपने राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखा है। टिकट नहीं मिलने से नाराज संभावित दावेदारों के निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरने से दोनों दलों के सामने अपने अधिकृत प्रत्याशियों को मजबूत करने की चुनौती है। ऐसे में दोनों दलों की रणनीति अब पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के साथ-साथ संभावित बागियों से होने वाले नुकसान को सीमित करने पर केंद्रित दिखाई दे रही है।
61 निर्दलीयों ने बढ़ाई राजनीतिक चुनौती
20 वार्डों में 61 निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी चुनावी गणित को काफी प्रभावित कर सकती है। कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के सामने सीधी चुनौती पेश कर रहे हैं। वहीं कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच भी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। ऐसे में चुनाव परिणाम में स्थानीय समीकरण, व्यक्तिगत जनाधार और प्रत्याशियों की पकड़ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अब प्रचार अभियान पर जोर
प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के साथ ही चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रत्याशी मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर रहे हैं। समर्थकों की टोलियां वार्डों में सक्रिय हो गई हैं और चुनावी चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। अब आने वाले दिनों में वार्डवार मुद्दे, प्रत्याशियों की व्यक्तिगत छवि, पार्टी का प्रभाव और निर्दलीय उम्मीदवारों का जनाधार चुनावी परिणाम की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकता है।
कोटकासिम के 20 वार्डों में 85 प्रत्याशियों के बीच होने वाला यह मुकाबला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में निर्दलीयों की मौजूदगी ने दोनों प्रमुख दलों के लिए चुनावी समीकरण आसान नहीं रहने दिए हैं।

