मोती का नंगला फाटक के पास हुआ हादसा, इंजन के बाद ट्रेन की दूसरी बोगी के पहिये उतरे पटरी से; भरतपुर-बांदीकुई रेल मार्ग प्रभावित
खेड़ली। आगरा-बांदीकुई रेल मार्ग पर मंगलवार को खेड़ली कस्बे के पास ईदगाह से बांदीकुई की ओर जा रही 64621 ईदगाह-बांदीकुई मेमू पैसेंजर ट्रेन बेपटरी हो गई। हादसा मोती का नंगला रेलवे फाटक के पास, खेड़ली कस्बे से करीब दो किलोमीटर पहले किलोमीटर संख्या 96/8 के पास हुआ।
ट्रेन के इंजन के बाद दूसरी बोगी संख्या 228236/C के पहिये पटरी से उतर गए। अचानक हुई घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया, हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
रेलवे अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही खेड़ली आरपीएफ, सिविल पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बेपटरी हुए पहियों को दोबारा पटरी पर चढ़ाने के लिए राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया गया। आगरा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय से मेंटेनेंस ट्रेन भी रवाना की गई है। राहत दल के पहुंचने के बाद ट्रेन को पटरी पर लाने की कार्रवाई की जा रही है।
भरतपुर-बांदीकुई रेल मार्ग प्रभावित
ट्रेन के बेपटरी होने से भरतपुर-बांदीकुई रेल मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। प्रभावित ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने की व्यवस्था की जा रही है। 12548 गांधीधाम-आगरा छावनी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को खेड़ली रेलवे स्टेशन से वापस बांदीकुई की ओर रवाना किया गया। इस ट्रेन को बांदीकुई से अलवर-मथुरा होकर आगरा भेजने की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों को हुई परेशानी
हादसे के बाद ट्रेन में सवार खेड़ली और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ यात्री पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकले, जबकि अन्य यात्रियों ने परिजनों को सूचना देकर दूसरे वाहनों से जाने का इंतजाम किया।
रेलवे की टीम घटनास्थल पर राहत एवं बहाली के कार्य में जुटी है। फिलहाल हादसे के कारणों और रेल यातायात सामान्य होने के समय को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


