More
    Homeराजस्थानखैरथलखैरथल के मातोर गांव में कुएं से मिले पशु अवशेष, गोकशी की...

    खैरथल के मातोर गांव में कुएं से मिले पशु अवशेष, गोकशी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

    एक्सप्रेस-वे के पास स्थित कुएं से पशु अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। गोकशी की आशंका पर किसान पंचायत व विहिप ने कार्रवाई की मांग की, पुलिस जांच में जुटी।

    मिशनसच न्यूज, खैरथल। खैरथल के निकटवर्ती गांव मातोर में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से गुजर रहे एक्सप्रेस-वे के समीप स्थित एक खाली कुएं में पशु अवशेष मिलने की सूचना सामने आई। कुएं से मिले अवशेषों को देखकर ग्रामीणों ने गोकशी की आशंका जताई, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही किसान पंचायत सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया गया।

    किसान पंचायत ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

    मामले की जानकारी मिलते ही किसान पंचायत के अध्यक्ष कृष्णा चौधरी अपनी टीम के साथ शनिवार शाम खैरथल थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तथा शिकायत लेकर पहुंचे युवाओं से कथित रूप से गलत लहजे में बातचीत की गई। इससे किसान संगठन के पदाधिकारियों में नाराजगी फैल गई।

    रविवार सुबह थाने पहुंची महापंचायत, पुलिस पर बना दबाव

    घटना के बाद रविवार सुबह किसान महापंचायत के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा खैरथल थाने पहुंचे। उन्होंने थाना अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक के समक्ष घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच प्रक्रिया शुरू की।

    कुएं में उतारे गए अग्निशमन कर्मी, फिर स्वयं उतरे किसान पंचायत अध्यक्ष

    पुलिस द्वारा खैरथल नगर परिषद के अग्निशमन कर्मचारी अमित शर्मा को कुएं में उतारा गया। प्रारंभिक जांच में उनके द्वारा कुछ भी संदिग्ध न मिलने की बात कही गई। इसके बाद किसान पंचायत के अध्यक्ष कृष्णा चौधरी स्वयं दोबारा कुएं में उतरे, जहां उन्हें एक कट्टे में पशु का सिर, दो जबड़े, एक सिंग, दांत सहित अन्य अवशेष मिले।कुएं से निकाले गए इन अवशेषों को पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जब्त कर जांच शुरू करने का आश्वासन दिया।

    विहिप पदाधिकारियों ने जताई गोकशी की आशंका

    मौके पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी प्रहलाद छंगाणी और दिनेश कौशिक ने बताया कि क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार गोकशी किए जाने की आशंका सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व अगवानी गांव के समीप भी एक कुएं में इसी प्रकार के पशु अवशेष मिले थे। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

    पुलिस जांच में जुटी

    फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अवशेषों को परीक्षण हेतु भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील भी की है।

    मौके पर ये रहे मौजूद

    इस दौरान माथुर सरपंच महेंद्र चौधरी, प्रथम डाटा, गुलशन शर्मा, नीरज चौहान, हिमांशु भारद्वाज, शिवानी शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here