एनपीएनसीडी अभियान में उच्च रक्तचाप के 1.38 लाख और डायबिटीज के 28 हजार मरीज चिह्नित, राज्य की जिला रैंकिंग में पांचवें स्थान पर खैरथल-तिजारा, तिजारा ब्लॉक को मिला पहला स्थान
खैरथल
बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक
खैरथल-तिजारा। गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनपीएनसीडी) के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के पुरुषों और महिलाओं की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की जा रही है। अभियान के अंतर्गत अब तक जिले में 4 लाख 62 हजार 333 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जांच में उच्च रक्तचाप और मधुमेह के बड़ी संख्या में मरीज सामने आए हैं। वहीं कैंसर के संदिग्ध मरीजों की भी पहचान की गई है।
जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के तहत जिला अस्पताल भिवाड़ी, उप जिला अस्पताल तिजारा, सैटेलाइट अस्पताल खैरथल सहित जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसी बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान करना है, जिनके लक्षण शुरुआत में स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते और समय पर उपचार नहीं मिलने पर गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
उच्च रक्तचाप के 1.38 लाख से अधिक मरीज मिले
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि जिले में अब तक 30 वर्ष से अधिक आयु के 4,62,333 महिला एवं पुरुषों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें उच्च रक्तचाप के 1,38,000 से अधिक मरीजों की पहचान हुई है। वहीं मधुमेह यानी डायबिटीज के 28,001 मरीज सामने आए हैं।
स्क्रीनिंग के दौरान उच्च रक्तचाप से पीड़ितों में 69,509 पुरुष और 69,498 महिलाएं शामिल हैं। इसी प्रकार डायबिटीज के 14,765 पुरुष और 13,320 महिला मरीज चिह्नित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त स्तन कैंसर के 11, सर्वाइकल कैंसर के 14 और मुंह के कैंसर के 52 संदिग्ध मरीजों की पहचान हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन बीमारियों की पहचान के साथ आवश्यक उपचार और आगे की जांच के लिए भी व्यवस्था की जा रही है।
जिला रैंकिंग में पांचवें स्थान पर, तिजारा ब्लॉक प्रदेश में अव्वल
सीएमएचओ ने बताया कि राज्य स्तर से जारी जिला रैंकिंग में खैरथल-तिजारा जिले ने स्क्रीनिंग के क्षेत्र में पांचवां स्थान हासिल किया है। वहीं जिले के तिजारा ब्लॉक ने राज्य स्तर की ब्लॉक रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से घर-घर और स्वास्थ्य केंद्रों पर चलाए जा रहे स्क्रीनिंग अभियान का परिणाम है।
तिजारा और खैरथल में नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा
जिले में गंभीर किडनी रोगों से पीड़ित मरीजों को राहत देने के लिए उप जिला अस्पताल तिजारा और सैटेलाइट अस्पताल खैरथल में नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल रही है।
अनियमित दिनचर्या और खान-पान से बढ़ रहा बीमारियों का खतरा
डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि हृदयघात, डायबिटीज और अन्य गैर संचारी बीमारियों के प्रमुख कारणों में अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खान-पान, तंबाकू एवं नशीले पदार्थों का सेवन और मोटापा शामिल हैं। इन बीमारियों से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार और पर्याप्त नींद जरूरी है। तंबाकू एवं नशीले पदार्थों से दूरी बनाकर भी कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने भोजन में मोटे अनाज, मौसमी फल और हरी सब्जियों को शामिल करें। दिनभर में संतुलित मात्रा में चार से पांच बार भोजन करें और नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियां जारी रखें। साथ ही 30 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूर करवाएं, ताकि उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार शुरू किया जा सके।


