भक्तामर पाठ 27 सितंबर तक चलेगा
जयपुर । परम पूज्य आचार्य विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मुनि पावन सागर महाराज ‘जंगल वाले बाबा’ एवं मुनि सुभद्र सागर महाराज ससंघ के आशीर्वाद से रविवार रात्रि 8 बजे दिगंबर जैन मंदिर, गायत्री नगर महारानी फार्म में 48 दिवसीय भक्तामर पाठ का शुभारंभ हुआ। मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि सुबह मुनि श्री पावन सागर जी ने अभिषेक, शांति धारा के पश्चात ‘सम्यक दृष्टि’ विषय पर मंगल प्रवचन दिया। इसके बाद 15वीं चेतन तीर्थ यात्रा के श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा ने स्वागत उद्बोधन दिया।
संयोजिका अनिता बड़जात्या, डॉ. अनीता जैन, विमला जैन एवं ज्योति जैन ने मुनि श्री से मंगल सानिध्य हेतु श्रीफल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में मंदिर समिति पदाधिकारियों के साथ कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भक्तामर पाठ 27 सितंबर तक ऋद्धि-सिद्धि मंत्रों एवं दीप अर्चना के साथ प्रतिदिन संपन्न होगा। संचालन उदयभान जैन ने किया।
रात्रि 9 बजे विधानाचार्य पंडित अजित शास्त्री (गायत्री नगर) ने सोलह कारण भावनाओं की प्रथम ‘दरश विशुद्ध भावना’ पर सारगर्भित प्रवचन दिया।