समृद्ध भारत अभियान के संयुक्त आयोजन में सम्मान समारोह, युवा प्रतिभाओं को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
भरतपुर। समृद्ध भारत अभियान एवं भूरीसिंह व्यायामशाला समिति के संयुक्त तत्वावधान में गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर राजस्थान प्रशासनिक सेवाओं में चयनित युवक-युवतियों, मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कुश्ती संघ (इंडियन स्टाइल) के अध्यक्ष सीताराम गुप्ता रहे, जबकि शिक्षाविद् वासुदेव गुप्ता, कपूरचंद सिंघल (माचिस वाले) एवं डॉ. गुरुदीप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजाराम भूतौली ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भूरीसिंह व्यायामशाला के महामंत्री चुन्नी कप्तान ने अतिथियों के स्वागत से की। उन्होंने गुरुपूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं से अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन कर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सीताराम गुप्ता ने कहा कि गुरुपूर्णिमा केवल गुरु वंदना का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और विनम्रता को जीवन में आत्मसात करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में चयनित युवा, मेधावी विद्यार्थी और उत्कृष्ट खिलाड़ी देश का भविष्य हैं। उनके चरित्र, ईमानदारी और सेवाभाव से समाज को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह युवाओं को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं।
समारोह में राजस्थान पुलिस सेवा में चयनित वैशाली धाकड़, राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित मनु चौधरी, विजय सिंह छोंकरवाड़ एवं आदित्य राज सिंह का सम्मान किया गया। इसके साथ ही कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले प्रतीक गुप्ता, राजकुमारी गुप्ता, प्राची एवं निहारिका सिंह तथा कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आर्यन नगाइच, वंदना कुमारी, आदित्य राज धाकड़ एवं अर्पिता शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मनीषा चाहर, यश शर्मा, अभियांश सिंह, शिवानी सिसौदिया एवं रुद्रांश खंडेलवाल को भी साफा, पटका, प्रतीक चिन्ह, टी-शर्ट एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्नल ओमवीर सिंह, जगत सिंह धरसोनी पहलवान, आदर्श विद्या मंदिर वैर के प्राचार्य योगेश भारद्वाज, पूर्व पार्षद बृजेंद्र चीमा, रमेश सतीजा, ओमप्रकाश ठाकुर, बलवीर सिंह सिनासिनी, बाल विकास अधिकारी महेंद्र अवस्थी, समृद्ध भारत अभियान के पुनीत गुप्ता, सचिन, विष्णु मित्तल, राजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में बाबू सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


