वितरण व्यवस्था सुधारने को बनी गैस जांच कमेटी, मांग-आपूर्ति पर नजर रखेगी टीम
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध संग्रहण तथा ऊंचे दामों पर कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए उपखण्डवार तीन सदस्यीय विशेष प्रवर्तन जांच दलों का गठन किया गया है, जो उपखण्ड अधिकारियों की अध्यक्षता में प्रभावी निगरानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपभोक्ता 0144-2338000 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं, वहीं पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 एवं 0144-2338200 पर भी सूचना या शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि प्रवर्तन जांच दल अपने-अपने क्षेत्रों में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की मांग व आपूर्ति पर सतत निगरानी रखें। घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा रिफिलिंग की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यदि किसी गैस एजेंसी, विक्रेता या अन्य व्यक्ति द्वारा सिलेंडरों की जमाखोरी, कृत्रिम अभाव उत्पन्न करना या निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर विक्रय किया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धाराओं के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने उपखण्ड कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम स्थापित कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिला रसद अधिकारी विनोद जुनेजा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग एक बार रिफिल के 25 दिन बाद ही की जा सकती है तथा उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद घर पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। गैस कंपनियों एवं एजेंसियों के माध्यम से जिले में नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


