आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज की प्रेरणा से नवनिर्मित गोलोक धाम का पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने किया भ्रमण
जयपुर। परम पूज्य भगवान महावीर तपोभूमि उज्जैन के प्रणेता आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से चाकसू के निमोडिया स्थित नवनिर्मित गोलोक धाम को गोवंश के लिए पूर्ण अभयारण्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां गोवंश संरक्षण के साथ जैविक खेती, गोबर से खाद निर्माण, गोमूत्र आधारित उत्पाद और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर इसे आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना है।
आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज ने कहा कि यह परियोजना केवल एक गौशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि गोवंश के पूरे जीवन चक्र और उसके महत्व को समाज तक पहुंचाने का एक व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि गोलोक धाम को ऐसा आदर्श केंद्र बनाने की योजना है, जहां गोवंश संरक्षण के साथ-साथ उससे जुड़े प्राकृतिक और उपयोगी संसाधनों का वैज्ञानिक एवं आत्मनिर्भर उपयोग किया जा सके।
पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने किया गोलोक धाम का अवलोकन
जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि 29 अगस्त को प्रातः 10 बजे जैन पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया के नेतृत्व में जयपुर से गोलोक धाम, निमोडिया पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने परम पूज्य आचार्य श्री के दर्शन कर श्रीफल अर्पित किया तथा श्रमण संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेकर रक्षा सूत्र बंधवाया।
इसके पश्चात पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने गौशाला एवं संपूर्ण परिसर का भ्रमण किया। पत्रकारों ने गायों को चारा खिलाया और वहां संचालित गतिविधियों तथा निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने गोलोक धाम सेवा समिति द्वारा किए जा रहे गोवंश संरक्षण और सेवा कार्यों की सराहना की।
बेसहारा और बीमार गोवंश को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
इस अवसर पर जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने कहा कि गोलोक धाम सड़क पर भटकने वाले, बीमार एवं बेसहारा गोवंश के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने जैन समाज और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से ऐसे परोपकारी कार्यों में सहयोग कर गोवंश संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिलीप जैन ने कहा कि सभी पत्रकारों के लिए यह सौभाग्य का अवसर रहा कि उन्हें इस सुंदर स्थान के दर्शन और अवलोकन का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल को पूज्य आचार्य श्री के सान्निध्य में आयोजित पूजा एवं हवन में शामिल होने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
गोद भराई रस्म में भी हुए शामिल
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य ब्रह्मचारी दर्शन जी की गोद भराई रस्म में भी शामिल हुए। बताया गया कि ब्रह्मचारी दर्शन जी आगामी 1 नवंबर 2026 को तुमकुर, कर्नाटक में परम पूज्य आचार्य प्रमुख सागर जी महाराज के सान्निध्य में जिन दीक्षा ग्रहण करेंगे।
इस अवसर पर गोलोक धाम सेवा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र जैन निमोडिया, छोटा गिरनार एवं बापूगांव के अध्यक्ष प्रकाशचंद बाकलीवाल तथा अन्य पदाधिकारियों ने उपस्थित पत्रकारों एवं एक दिन के चातुर्मास पुण्यार्जक समाजश्रेष्ठी चेतन जैन केकड़ी परिवार का तिलक, माला, दुपट्टा एवं साफा पहनाकर सम्मान किया।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
पत्रकार प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिलीप जैन, बलवंत राज मेहता, ज्ञानचंद पाटनी, सुरेंद्र कुमार जैन बड़जात्या, अरुण जैन, शुभम जैन, अनीष जैन, नीलम जैन दिल्ली एवं अनीता बड़जात्या जयपुर सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।
नवंबर में होगा पत्रकार सम्मेलन
राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि पूज्य आचार्य श्री के सान्निध्य में आगामी नवंबर माह में पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने 30 सितंबर को रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन के लिए भी आचार्य श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि उपस्थित पत्रकारों ने रायपुर में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने की सहमति व्यक्त की तथा देशभर के जैन पत्रकारों से सम्मेलन में पहुंचने का आग्रह किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


