जानलेवा वारदात के बाद मचा हड़कंप, जिला अस्पताल में चल रहा घायल का उपचार
अलवर। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़-गोविंदगढ़ मोड़ पर एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल गगनदीप सिंह ने बताया कि वह अपनी कार लेकर गोविंदगढ़ मोड़ पर खड़ा था। इसी दौरान हरिओम और उसके साथ आए दो अन्य युवक वहां पहुंचे और आते ही उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
अचानक हुए हमले में गगनदीप सिंह को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में घायल का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
इस संबंध में रामगढ़ थाना प्रभारी अजीत बटसरा ने बताया कि फिलहाल थाने में इस मामले को लेकर कोई लिखित रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


