More
    Homeराजस्थानअलवरग्राम रथ अभियान से गांवों में जागरूकता, अलवर में योजनाओं का बिगुल

    ग्राम रथ अभियान से गांवों में जागरूकता, अलवर में योजनाओं का बिगुल

    एलईडी रथ के जरिए ग्राम रथ अभियान, ग्रामीणों में योजनाओं को लेकर उत्साह

    अलवर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत एलईडी रथ ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर बदलाव की नई बयार ला रहे हैं। इन रथों के माध्यम से गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है, जिससे किसान, पशुपालक और ग्रामीण बड़ी संख्या में लाभान्वित हो रहे हैं।

    ग्राम रथों में लगी एलईडी स्क्रीन और आधुनिक ऑडियो-वीडियो सिस्टम के जरिए सरकार के 13 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को सरल भाषा में प्रस्तुत किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों को देखकर ग्रामीण योजनाओं के प्रति जागरूक हो रहे हैं और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

    ग्रामीण क्षेत्रों में इन रथों के पहुंचने से उत्साह का माहौल बना हुआ है। किसान खेती-किसानी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लेकर नई तकनीकों और सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति जागरूक हो रहे हैं। पशुपालक और अन्य ग्रामीण भी अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

    ग्राम रथों के साथ ग्रामीणों को प्रचार सामग्री भी वितरित की जा रही है, जिसमें कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास जैसे 13 विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है। इससे ग्रामीणों को योजनाओं को समझने और उनका लाभ लेने में आसानी हो रही है।

    अभियान के तहत गांवों में संध्या चौपाल का आयोजन भी किया जा रहा है। इन आयोजनों में लोक कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे ग्रामीणों की रुचि और भागीदारी बढ़ रही है। कला जत्थों की प्रस्तुतियां इन कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बना रही हैं।

    ग्राम रथ के गांवों में पहुंचने पर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीण अपने अनुभव भी साझा कर रहे हैं। वे बता रहे हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। कई ग्रामीणों ने इसे अपने लिए “वरदान” बताया और कहा कि पहली बार योजनाएं सीधे उनके गांव तक पहुंची हैं, जिससे उन्हें वास्तविक लाभ मिलने की उम्मीद जगी है।

    अभियान के दौरान ग्रामीणों को सुझाव पेटिका के माध्यम से अपने सुझाव देने का अवसर भी मिल रहा है। विकसित भारत के निर्माण को लेकर ग्रामीण अपने विचार साझा कर रहे हैं, जिससे प्रशासन को जमीनी स्तर की जरूरतों को समझने में मदद मिल रही है।

    ग्राम रथ अभियान के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here