More
    Homeराजस्थानअलवरग्रीष्मकालीन महिला प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह सम्पन्न

    ग्रीष्मकालीन महिला प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह सम्पन्न

    समापन समारोह में महिला प्रशिक्षण शिविर की प्रतिभाओं ने बिखेरी चमक

    अलवर। भारत विकास परिषद् अलवर एवं भारत विकास परिषद् अलवर चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन महिला प्रशिक्षण शिविर एवं बाल संस्कार शिविर का समापन समारोह शुक्रवार को श्री ओसवाल जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। 20 मई से 29 मई तक चले इस दस दिवसीय शिविर में महिलाओं एवं बच्चों को विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ी विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।

    समारोह की मुख्य अतिथि सहकारिता विभाग अलवर की सहायक रजिस्ट्रार सुश्री रिचा सैनी रहीं। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी अवलोकन, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद चंचल सक्सेना द्वारा वंदे मातरम् प्रस्तुत किया गया तथा सभी अतिथियों का कुमकुम तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

    कार्यक्रम में मोंटी राज के निर्देशन में प्रशिक्षित बच्चों द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई, जबकि डॉ. अनुरिता झा के निर्देशन में बालिकाओं ने कत्थक शैली में गुरु वंदना की आकर्षक प्रस्तुति दी। शिविर में नृत्य, कत्थक, मेहंदी, ढोलक, योगासन, कैलीग्राफी, ब्यूटिशियन, सिलाई, ड्राइंग-पेंटिंग, कुकिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट एवं जुडो-कराटे सहित अनेक विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।

    शाखा अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में सभी प्रशिक्षणार्थियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद् का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को आत्मनिर्भर एवं संस्कारित बनाना है। महिला सहभागिता संयोजक शोभा अग्रवाल ने परिषद् का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि शिविर गतिविधियों की रिपोर्ट आशा मित्तल ने प्रस्तुत की।

    समारोह में जूडो-कराटे एवं ढोलक का विशेष प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिला वर्ग द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रमों ने भी दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

    बाल संस्कार शिविर के अंतर्गत मानस ऑयल की डायरेक्टर मंजू चौधरी एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की चीफ ट्रेनर तथा मित्तल हॉस्पिटल की चिकित्सक डॉ. कुमुद गुप्ता ने महिलाओं एवं बालिकाओं को संस्कार एवं जीवन मूल्यों से संबंधित मार्गदर्शन दिया।

    पूर्व रीजन संरक्षक डॉ. के.के. गुप्ता ने कहा कि महिलाएं प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। मुख्य अतिथि रिचा सैनी ने परिषद् की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यदि महिला दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ संकल्प ले तो वह देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकती है। उन्होंने महिलाओं से शिविर में सीखे कौशल का जीवन में उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रशासन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। शाखा सचिव अशोक कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

    इस अवसर पर अध्यक्ष गिरीश गुप्ता, सचिव अशोक कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष लोकेश गोयल, डॉ. के.के. गुप्ता, राधेश्याम, शोभा अग्रवाल, आशा मित्तल, यामिनी गुप्ता, प्रदीप गोयल, सुरेश मेठी, दिलीप गोयल, नीना सोनी, डॉ. कुमुद गुप्ता, राधारमन सोनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, प्रशिक्षक, महिलाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here