चोरी के शक में हुई मारपीट के बाद पुलिस जांच में जुटी
अलवर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कंपनी बाग के मुख्य गेट के पास मंगलवार को चोरी के शक में एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तीन युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे थे। आरोप है कि इनमें से एक युवक ने एक बुजुर्ग व्यक्ति के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी वहां से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल बुजुर्ग और संबंधित पक्षों की ओर से जो भी शिकायत या रिपोर्ट दी जाएगी, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
वहीं पुलिस फरार बताए जा रहे अन्य युवकों की तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


