ऑनर्स परिणाम, नियमित कक्षाएं, पुस्तकें और विलंब शुल्क सहित 4 प्रमुख मांगों पर छात्रो ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
अलवर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की अलवर इकाई ने बुधवार को बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रों की विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद परिषद कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपते हुए छात्रहित से जुड़ी मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
एबीवीपी के विजय यादव ने बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों को वर्तमान में कई शैक्षणिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनर्स पाठ्यक्रम का परिणाम अभी तक घोषित नहीं होने से विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया और अन्य शैक्षणिक कार्यों में परेशानी उठानी पड़ रही है।
परिषद ने मांग की कि परिणाम घोषित होने में हुई प्रशासनिक देरी का खामियाजा विद्यार्थियों को नहीं भुगतना पड़े और इस कारण किसी भी छात्र से विलंब शुल्क (लेट फीस) नहीं लिया जाए।
ज्ञापन में एबीवीपी ने महाविद्यालय में नियमित कक्षाएं तत्काल शुरू कराने, पुस्तकालय से सभी विद्यार्थियों को आवश्यक पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराने तथा छात्रहित से जुड़ी अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र हित में नारेबाजी करते हुए महाविद्यालय प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
एबीवीपी ने महाविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


