More
    Homeराजस्थानखैरथल'छात्रों की गूंज' अभियान पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता, शिक्षा व्यवस्था पर...

    ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता, शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

    खैरथल में अभियान के दौरान पेपर लीक, रोजगार और परीक्षा प्रणाली को लेकर सरकार पर साधा निशाना

    खैरथल। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा की ओर से शनिवार को जिला अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला सह-प्रभारी पुष्पेंद्र धाबाई ने भी पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।

    प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि देश इस समय शिक्षा और रोजगार के गंभीर संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अक्षमता के कारण शिक्षा व्यवस्था हर स्तर पर प्रभावित हुई है तथा बुनियादी शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण तक छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

    उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं का रद्द होना तथा छात्रों को बार-बार परीक्षा देने के लिए मजबूर किया जाना सरकार की विफलता को दर्शाता है। इन परिस्थितियों के कारण युवाओं में मानसिक तनाव, निराशा और असुरक्षा का वातावरण बना है तथा कई दुखद घटनाएं भी सामने आई हैं।

    बलराम यादव ने बताया कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने 17 जून 2026 को कोटा से राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत की थी। इसी क्रम में देशभर के जिलों में अभियान चलाकर शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और सरकारी व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच रखा जा रहा है।

    जिला सह-प्रभारी पुष्पेंद्र धाबाई ने कहा कि शिक्षा और रोजगार युवाओं का मूल अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार इन दोनों क्षेत्रों में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाते हुए उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी तथा अधिक से अधिक युवाओं से अभियान से जुड़ने की अपील की।

    प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग दोहराते हुए कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

    इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जय हेडाऊ, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष यश अग्रवाल, शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भरत चौधरी, यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास प्रजापत, जिला सचिव फतेह मोहम्मद, संदीप अग्रवाल, सेवादल अध्यक्ष प्रभू दयाल, पार्षद नारायण छंगाणी, पार्षद अर्जुन ठाकुर, मेहरदीन खान, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव विक्रम यादव, दौलत नगर, हेतराम सरपंच, सद्दाम खान सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here