पूजा-अर्चना के बाद जगन्नाथ महोत्सव में बोले— रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं, युवाओं से आगे आने का किया आह्वान
अलवर। राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा रविवार को अलवर शहर के रूपबास स्थित प्राचीन जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ उन्होंने श्रद्धालुओं से भी संवाद किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा सभी पर बनी रहे और हर परिवार सुख, शांति एवं समृद्धि के साथ जीवन व्यतीत करे। उन्होंने कहा कि जगन्नाथ महोत्सव भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
मंदिर दर्शन के बाद वन मंत्री संजय शर्मा रक्तदान शिविर में पहुंचे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, क्योंकि रक्त का निर्माण किसी फैक्ट्री में नहीं हो सकता। यह केवल एक इंसान ही दूसरे इंसान को जीवन बचाने के लिए दे सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि दुर्घटना, ऑपरेशन अथवा गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।
वन मंत्री ने कहा कि धार्मिक आस्था और मानव सेवा का समन्वय समाज के लिए प्रेरणादायक है। भगवान की भक्ति तभी सार्थक होती है जब उसके साथ सेवा और मानवता का भाव भी जुड़ा हो। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं एवं रक्तदाताओं ने मंत्री संजय शर्मा का स्वागत किया तथा उनके संदेश का समर्थन किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


