घेवर गांव में जमीन को लेकर बढ़ा विवाद, एक पक्ष के घायल अस्पताल में भर्ती
अलवर। टहला थाना क्षेत्र के घेवर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। अचानक हुए झगड़े में एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घेवर गांव निवासी शिवचरण शर्मा अपनी करीब 9 बीघा जमीन पर बाउंड्री का काम करवा रहे थे। इसी दौरान परिवार के ही गिरिराज जैमन, मुकेश, विवेक सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बाउंड्री निर्माण के दौरान हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। शिवचरण शर्मा द्वारा जमीन पर बाउंड्री निर्माण का कार्य करवाए जाने के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों के पहुंचने पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चार घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना में सुभाष शर्मा, शिवचरण शर्मा, अक्षय शर्मा और संजू शर्मा घायल हो गए। परिजनों ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी लेकर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही विवाद और मारपीट की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


