तीन श्रद्धालुओं की मौत से मातम का माहौल
मथुरा | जयपुर-बरेली बाइपास पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
श्रद्धालु लौट रहे थे डाक कांवड़ लेकर
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना क्षेत्र स्थित लहचोरा गांव के कुछ युवक डाक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार के रामघाट गए थे। इनमें से बबली, सोनू, भीम और भूपेंद्र ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव लौट रहे थे, जबकि अन्य साथी पैदल यात्रा कर रहे थे।
ट्रेलर चालक को आई झपकी, हुआ भीषण हादसा
बुधवार देर रात करीब तीन बजे जयपुर-बरेली बाइपास पर नगला सिरिया गांव के पास सामने से आ रहे सीमेंट लदे ट्रेलर का चालक नींद की झपकी में वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर ही तीन की मौत, एक गंभीर
इस दुर्घटना में तीन श्रद्धालुओं — भीम पुत्र होरीराम, भूपेंद्र पुत्र देवी सिंह, और बबली पुत्र रामकिशन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सोनू पुत्र मुन्नालाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल एंबुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही जमुनापार थाना प्रभारी अजय किशोर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही परिजनों को सूचित किया गया।
गांव में शोक की लहर
हादसे की सूचना जैसे ही मृतकों के गांव लहचोरा पहुंची, वहां मातम छा गया। तीनों मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है। पूरा गांव गमगीन माहौल में डूबा हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।