जयपुर में महिला सशक्तिकरण को समर्पित प्रदर्शनी में स्वरोजगार उत्पादों की होगी आकर्षक प्रदर्शनी
जयपुर। महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुनिसंघ वैय्या वृत्ति महिला समूह, महारानी फार्म, जयपुर द्वारा “मेरा काम-मेरी पहचान” विशेष प्रदर्शनी का आयोजन 3 एवं 4 जुलाई 2026 को गायत्री नगर-ए स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर परिसर के आदिनाथ भवन में किया जाएगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन 3 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, जबकि दीपा नाथावत एवं एकता अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगी। उद्घाटन श्रेष्ठी अनिल कुमार एवं अमिता गोधा द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका प्रमिला शाह ने बताया कि प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार की गई राखियां, साड़ियां, सलवार सूट, बेडशीट, बच्चों के परिधान, खिलौने, ज्वैलरी, होम डेकोर सामग्री, घर पर तैयार शुद्ध मसाले, विभिन्न खाद्य सामग्री तथा इत्र नगरी कन्नौज के शुद्ध गुलाब जल, गुलकंद एवं परफ्यूम सहित अनेक उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके हुनर को व्यापक पहचान दिलाना है।
युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि प्रदर्शनी के पोस्टर का विमोचन परम पूज्य गणिनी आर्यिका विभा श्री माताजी के सानिध्य में आयोजित धर्मसभा में किया गया। इस दौरान महिला समूह की पदाधिकारियों ने पूज्य माताजी से आयोजन की सफलता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने अधिक से अधिक नागरिकों से प्रदर्शनी में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने तथा उनके स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


