More
    Homeजयरामपुरा में 27 नवंबर को लगेगा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर

    जयरामपुरा में 27 नवंबर को लगेगा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर

    राजस्थान विश्वविद्यालय, अशोका फाउंडेशन और शंकरा आई हॉस्पिटल की संयुक्त पहल, मोतियाबिंद के ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण की भी मिलेगी सुविधा

    जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ लाइफलॉन्ग लर्निंग की ओर से विश्वविद्यालय सामाजिक उत्तरदायित्व (यूएसआर) एवं उन्नत भारत अभियान के तहत गोद लिए गए ग्राम जयरामपुरा में 27 नवंबर को विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 9 बजे स्थानीय ग्राम पंचायत भवन में शुरू होगा। इसका आयोजन अशोका फाउंडेशन एवं शंकरा आई हॉस्पिटल के सहयोग से किया जा रहा है।

    शिविर के आयोजन को लेकर राजस्थान विश्वविद्यालय में पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीपी सारस्वत, चीफ प्रॉक्टर डॉ. सुरेंद्र सिंह चौहान, डिपार्टमेंट ऑफ लाइफलॉन्ग लर्निंग के निदेशक एवं यूएसआर के नोडल अधिकारी डॉ. रोहित कुमार जैन, अशोका फाउंडेशन के संजय जी सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    मोतियाबिंद के ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा

    डिपार्टमेंट ऑफ लाइफलॉन्ग लर्निंग के निदेशक डॉ. रोहित कुमार जैन ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की आंखों की जांच की जाएगी। विशेष रूप से बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को इस शिविर का लाभ मिलेगा। जांच के दौरान मोतियाबिंद की समस्या सामने आने पर जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

    उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक और अन्य कारणों से अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करवा पाते। विशेषकर वृद्धावस्था में मोतियाबिंद और दृष्टि संबंधी समस्याओं के कारण बुजुर्गों को दैनिक कार्यों में काफी परेशानी होती है। ऐसे में यह शिविर उनके लिए राहत लेकर आएगा।

    ग्रामीणों तक पहुंचेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

    इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के जरूरतमंद लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। राजस्थान विश्वविद्यालय, अशोका फाउंडेशन और शंकरा आई हॉस्पिटल की संयुक्त सहभागिता से आयोजित इस शिविर में नेत्र परीक्षण, मोतियाबिंद संबंधी परामर्श और आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की जाएगी।

    आयोजकों के अनुसार इस तरह के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ ही जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here