अलवर के सैन्य क्षेत्र में संदिग्ध बैग मिलने पर सेना-पुलिस अलर्ट, संयुक्त जांच में बैग निकला खाली
अलवर। शहर के जय पलटन सैन्य क्षेत्र के समीप शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य मार्ग के किनारे संदिग्ध अवस्था में एक लावारिस बैग पड़ा मिला। सैन्य क्षेत्र होने के कारण सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े संदिग्ध बैग को देखकर इसकी सूचना सेना और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेना के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर से मार्ग बंद कर दिया गया। इसके बाद पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन, डीएसबी टीम और अन्य जांच एजेंसियां भी मौके पर पहुंच गईं। करीब आधे घंटे तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरी सतर्कता के साथ बैग की जांच शुरू की। पहले मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की सहायता से बैग की बाहरी जांच की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
जांच के दौरान कोई संदिग्ध संकेत नहीं मिलने पर अधिकारियों ने बैग को खोलकर देखा। राहत की बात यह रही कि बैग पूरी तरह खाली निकला। इसके बाद अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
मौके पर पहुंचे अंगद शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, डीएसबी टीम और सेना के जवानों ने समन्वय के साथ कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में बैग में किसी भी प्रकार की विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि संभावना जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने अनुपयोगी समझकर बैग वहां छोड़ दिया होगा। हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बैग वहां किसने और कब रखा।
करीब 45 मिनट तक चले संयुक्त जांच अभियान के बाद स्थिति सामान्य हुई और मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


