वंदे गंगा अभियान के अंतर्गत 1 जून को किसानों और आमजन को किया जाएगा जागरूक
अलवर। वर्षा जल के संरक्षण, भूजल स्तर में वृद्धि तथा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में संचालित वंदे गंगा ‘जल संरक्षण-जन अभियान’ के तहत 1 जून को विभिन्न विभागों द्वारा जिलेभर में अनेक जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर डाॅ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अभियान के तहत कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, प्रीसीजन फार्मिंग तथा सूक्ष्म सिंचाई पद्धति पर आधारित कार्यशालाओं और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
किसानों को दी जाएगी आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के दौरान लघु सिंचाई संयंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही प्रगतिशील किसानों के साथ संवाद, किसान चौपाल, कृषि विज्ञान केंद्रों पर संगोष्ठी तथा कृषि शिक्षा कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा डिग्गियों की साफ-सफाई जैसे कार्य भी किए जाएंगे, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से किसानों को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जल प्रार्थनाओं से दिया जाएगा संरक्षण का संदेश
जिला कलक्टर ने बताया कि अमृत सरोवर, प्रमुख झीलों एवं बांधों पर कृषक कल्याण और अच्छी वर्षा की कामना को लेकर जल प्रार्थनाओं का आयोजन भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने आमजन और किसानों से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


