समीक्षा बैठक में पेयजल व्यवस्था सुधारने और फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने पर जोर
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को मिनी सचिवालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार में जिला जल प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक लेकर जिले की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जलदाय विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने ग्रीष्म ऋतु के दौरान निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए कंटीजेंसी फंड का प्रभावी उपयोग करते हुए जिले में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल आपूर्ति कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी मजबूत हो पेयजल व्यवस्था
डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि अलवर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने फील्ड मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके।
वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत लागू की जाए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पेयजल टैंकर संचालित करने के निर्देश दिए।
साथ ही पेयजल उपकरणों की खराबी अथवा पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत ठीक कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
हर घर जल सर्टिफिकेशन कार्य शीघ्र पूरा करने पर जोर
बैठक में हर घर जल सर्टिफिकेशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन गांवों में अभी सर्टिफिकेशन कार्य शेष है, वहां आगामी 5 जून को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में विकास अधिकारियों के समन्वय से यह कार्य पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन गांवों में सर्टिफिकेशन कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन पोर्टल पर वीडियो अपलोड नहीं किए गए हैं, वहां आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी वीडियो अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रवीन्द्र, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता रमेश चंद सैनी सहित विभाग के सभी अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


